अभिनेता सलमान खान पिट्सबर्ग के एक अस्पताल में आठ घंटे तक चली शल्य चिकित्सा के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस बीच वह अपनी फिल्म 'बॉडीगार्ड' की बॉक्सऑफिस पर सफलता पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।
सलमान को तंत्रिकाओं से सम्बंधित परेशानी थी, जिसके चलते उनके सिर, जबड़ों व गालों में असहनीय दर्द रहता था। उनके बहनोई व 'बॉडीगार्ड' के सह-निर्माता अतुल अग्निहोत्री ने बताया कि सलमान को लग रहा है कि उनका परिवार उन्हें खुश रखने के लिए फिल्म की सफलता की बात कह रहा है।
अतुल ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "वह हमारी बात से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। उन्हें लग रहा है कि हम उन्हें खुश करने के लिए ऐसा कह रहे हैं। ऐसा इसलिए है कि वह अपने नियमित स्रोतों से पूरी तरह कटे हुए हैं। यदि वह मुम्बई में होते तो वह कई लोगों से बात कर सकते थे, समाचार पत्रों के सम्पादकीय पढ़ सकते थे, टीवी देख सकते थे। इस समय वह खबरों के लिए पूरी तरह से हम लोगों पर निर्भर हैं।"
'बॉडीगार्ड' बुधवार को ईद के अवसर पर प्रदर्शित हुई थी। पहले ही दिन इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर 22 करोड़ रुपये की कमाई कर 'दबंग' (14.5 करोड़ रुपये) व '3 इडियट्स' (13 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ दिया।
सलमान के 10 दिन में घर लौटने की सम्भावना है। वर्तमान में वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं।





11 नवम्बर)

(30 सितम्बर)



















